मथुरा के कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर आज (मंगलवार) सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रेलवे ट्रैक पार करते समय राजधानी एक्सप्रेस से कटकर दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना सुबह 7.45 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक आगरा से चलकर दिल्ली की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस कोसीकलां स्टेशन पर जैसे ही पहुंची उसी दौरान लोग दूसरी तरफ से ट्रेन में चढ़ने लगे। ऐसा करते समय कुछ यात्री मेन लाइन पर पहुंच गए। फिर दिल्ली की तरफ से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में 6 लोग आ गए। जिनमें से दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। बाकी अन्य घायलों को वहीं के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद दैनिक यात्रियों ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।